सैंथल फायरिंग का मुख्य आरोपी जयपुर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार

6 महीने से चल रहा था फरार

जयपुर 24 जून। दौसा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल दौसा और सैंथल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दिसंबर 2024 में सैंथल कस्बे में हुई गोलीबारी की घटना के मुख्य आरोपी रामजीलाल मीना पुत्र गोपीराम उम्र 29 साल निवासी कुण्डीयाल अजबगढ़, थाना प्रतापगढ़, जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। इस अभियान में दौसा साइबर सेल के कांस्टेबल जगमाल सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज, अजयपाल लाम्बा और एसपी सागर राणा के कुशल नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरूशरण राव व वृत्ताधिकारी रवि प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में यह गिरफ्तारी संभव हो पाई है।
यह घटना 27 दिसंबर 2024 को घटी थी, जब एक परिवादी ने सैंथल थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई। परिवादी के अनुसार वह अपने दोस्तों के साथ अपनी थार गाड़ी से आंधी में अपने रिश्तेदारों से मिलकर अपने गांव गोला का बास जा रहा था। सुबह करीब 10:30 बजे रतन की थडी नदी की पुलिया सामने से आ रही एक कैम्पर बोलेरो ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। बोलेरो से बिट्टू मीना, आशा मीना, रामजीलाल मीना, शिवप्रसाद मीना अपने हाथों में पिस्टल, कट्टा और धारदार हथियार लेकर उतरे। उनके साथ 8-10 अन्य लोग भी थे, जिन्हें परिवादी पहचान नहीं सका।
उतरते ही उन्होंने परिवादी और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया और उनकी गाड़ी पर सरियों से जमकर तोड़फोड़ की। जब वे गाड़ी से निकलकर भागने लगे तो हमलावरों ने उन पर पिस्टल और कट्टे से 3-4 फायर किए। हालांकि परिवादी और उसके दोस्त बाल-बाल बच गए, लेकिन हमलावरों ने उनकी गाड़ी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और गाड़ी के डैशबोर्ड में रखे 48,500 रुपये नकद और एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। इस रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई थी।
सैंथल में हुई इस गंभीर फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य अभियुक्त रामजीलाल मीना अपने परिवारजनों और साथियों से संपर्क तोड़कर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी राणा ने मुख्य आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर सेल दौसा के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक प्रेमनारायण शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष तकनीकी टीम का गठन किया। कांस्टेबल जगमाल सिंह को इस कार्य में विशेष निर्देश दिए गए और लगातार निगरानी की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम बना उसे तुरंत रवाना किया गया। टीम ने बस्सी, कानोता, प्रेमनगर, बजाज नगर, महेश नगर, गांधी नगर सहित कई संभावित ठिकानों पर अपराधी के संबंध में खुफिया जानकारी जुटाई। अथक प्रयासों के बाद गांधी नगर क्षेत्र में सड़क पर गाड़ी के साथ रामजीलाल मीना को सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी रामजीलाल मीना को सैंथल थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
————–

abhay