दैनिक चमकता राजस्थान, धौलपुर रामदास तरुण।
धौलपुर जिले में शुक्रवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ‘‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’’ की थीम पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम परशुराम धर्मशाला (मचकुण्ड रोड) पर प्रातः 6:30 बजे आयोजित हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, छात्रों एवं जवानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाखापट्टनम से दिए गए योग दिवस के संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। इसके उपरांत आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सूक्ष्म योग क्रियाएं एवं विविध आसनों का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, शशकासन, वक्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम आदि कराए गए। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शरीर का व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का मार्ग है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए सभी को नियमित योग करने की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर प्रभारी सचिव पी. रमेश, जिला परिषद सीईओ ए. एन. सोमनाथ, एडीएम हरिराम मीना, उपनिदेशक आयुर्वेद डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. विनोद गर्ग, भाजपा नेत्री इंदु देवी जाटव, डॉ. त्रिलोक चंद्र, सत्येंद्र पाराशर, धीर सिंह जादौन सहित अनेक अधिकारी, चिकित्सक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में आयोजित ड्राइंग, स्लोगन और वीडियो प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

















