हरेंद्र फौजदार/डीग
गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि भारी चुनौतियों में भी लक्ष्यों को कैसे प्राप्त किया जा सकता है वो बाबा साहेब डॉ आंबेडकर के जीवन से सीखें। उन्होंने कहा कि भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से अधिकार एवं कर्तव्य का बोध कराने के साथ-साथ अनेक सामाजिक उत्थान अभियानों के भी प्रणेता रहें। उन्होंने डॉ आंबेडकर के आदर्श और सिद्धांतों को श्रेष्ठ बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय को ध्येय बनाते हुए समानता, न्याय, स्वतंत्रता और दायित्व का बोध कराया है। उन्होंने संविधान निर्माण के माध्यम से पूरे देश को एक सूत्र में पिरोया तथा समान अवसरों के माध्यम से वंचित को विकास की मुख्य धारा से जोडा है। उन्होंने कहा कि संविधान के कारण विविधताओं का देश भारत आज एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में स्थापित है।
गृह राज्य मंत्री बेढ़म गुरुवार को ककड़ा पाडला में भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति का अनावरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह मूर्ति बाबा साहेब के जीवन को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि ये मूर्ति न केवल एक श्रद्धांजलि हैं, बल्कि उनके विचारों, कार्यों और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को भी दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से समाज के पिछड़े वर्ग को समाज की मुख्य धारा में लाया जा रहा है। ऐसे में सभी अधिकारी अपने अपने स्तर पर जिम्मेदारी से काम करते हुए कार्य संपादित करें। सामाजिक उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं से पात्र लाभार्थी वंचित ना रहे एवं अपात्र का चयन ना हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशन में लाभार्थियों को तय समय सीमा में योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग’ योजना का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करते हुए शैक्षणिक संस्थाओं को जोड़कर विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने की बात कही।

















