चोरी की 13 मोटरसाईकिल व 02 एक्टिवा बरामद।
> मुख्य आरोपी हुकमा व मनोहर तथा सहयोगी किशना, माला व मदन गिरफ्तार।
> मौज-शौक तथा मंहगे व ब्रांण्डेड कपड़े खरीदने हेतु करते थे चोरी।
➤ चोरी से पूर्व करते थे जी.पी.एस. से गलियों को ट्रेकिंग।
बालोतरा पुलिस ने दुपहिया वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश कर शातिर गैंग का मुख्या मुलजिम हुकमाराम मनोहर लाल तथा सहयोगी किशनाराम, मालाराम, मदनलाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुलजिमों के कब्जा से बालोतरा हल्का क्षेत्र से चोरी हुई कुल 13 मोटरसाईकिल व 02 एक्टिवा बरामद
बालोतरा जिला पुलिस अधीक्षक रमेश आईपीएस ने बताया कि जिले में सम्पत्ति संबंधी अपराधों का शीघ्र खुलासा कर शत प्रतिशत बरामदगी करने व अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही हेतु चलाया जा रहा विशेष पुलिस अभियान “ऑपरेशन अश्ववेग” के तहत जारी-निर्देशानुसार गोपालसिंह भाटी आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा एवं सुशील मान आरपीएस, वृताधिकारी बालोतरा के सुपरवीजन में चेलसिंह निपु. थानाधिकारी बालोतरा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा कस्बा बालोतरा से निरंतर हो रही मोटरसाईकिल चोरी की वारदातों के संबंध में परम्परागत पुलिसिंग, आसूचना, तकनिकी माध्यम से साक्ष्य एकत्रित कर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मौज-शौक तथा मंहगे व ब्रांडेड कपड़े खरीदने हेतु दुपहिया वाहनों की चोरी करने वाली शातिर गैंग के मुख्य मुलजिम हुकमाराम व मनोहरलाल तथा सहयोगी किशनाराम, मालाराम, मदनलाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जा से थाना बालोतरा हल्का क्षेत्र से चोरी हुई कुल 13 मोटरसाईकिल व 02 एक्टिवा बरामद करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरणः- ज्ञात रहे कि पिछले काफी समय से कस्बा बालोतरा में सिलसिलेवार दुपहिया
वाहन चोरी की वारदातों में इजाफा एवं थाना पर कई वाहन चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध है। संपति संबंधी अपराधों में हो रही निरंतर बढोतरी को मद्देनजर रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रमेश के निर्देशानुसार थाना स्तर पर राकेश कुमार सउनि. के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यवाही पुलिसः- गठित विशेष पुलिस टीम ने परम्परागत पुलिसिंग, गुप्त आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए, कड़ी से कड़ी जोड़कर चोरी की वारदातों में लिप्त मुख्य आरोपी हुकमाराम एवं मनोहर लाल की तलाश में पुलिस दबिश की भनक लगते ही दोनों आरोपी खेतों एवं रेतीले धोरों में छिपने के इरादे से भागने का प्रयास करने लगे, किंतु पुलिस टीम ने कई किलोमीटर तक पैदल पीछा कर दोनों को दस्तयाब कर लिया। गहन पूछताछ में हुकमाराम एवं मनोहरलाल के साथ संगठित अपराध में शामिल सहयोगी आरोपी किशनाराम, मालाराम एवं मदनलाल को भी चिन्हित कर दबोच लिया गया। आरोपियों की निशानदेही से कस्बा बालोतरा से चोरी की गई 13 मोटरसाइकिलें एवं 02 एक्टिवा बरामद प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने कुल 17 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। मुलजिमानों को चोरी एवं संगठित अपराध से संबंधित प्रकरणों में गिरफ्तार कर अग्रिम पूछताछ जारी है।

















