शहर को गंदा करने वाले दोषी व्यक्तियों से सख्ती से वसूल हो कैरिंग चार्ज – नगर निगम ग्रेटर आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी

बीट के आधार पर तय होगी शहर की सफाई व्यवस्था की जवाबदेही तय

जयपुर, 22 अगस्त। नगर निगम ग्रेटर आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी ने नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय पर शुक्रवार को समीक्षा बैठक कर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ऑनलाइन सर्विसेज़, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरण, संपर्क पोर्टल, बजट घोषणा सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार सहित जोन एवं मुख्यालय उपायुक्त सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम ग्रेटर आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी ने सभी जोन उपायुक्तों से सख्ती के साथ कहा कि प्रतिदिन फील्ड में जाए, मुख्य मार्गों सहित विभिन्न स्थानों की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करें। साथ ही निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की बीट तय की जाए और उसी अनुसार उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित हो। मुख्य मार्गों पर सफाई अभियान चलाकर सफाई की जाए तथा रोडसाइड कचरा पात्र भी लगवाये जाये। कचरा डिपो/जीवीपी पॉइंट (गारबेज वल्नरेबल पॉइंट) को शीघ्र सफाई कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए। साथ ही शहर को गंदा करने वाले दोषी व्यक्तियों से मौके पर ही कैरिंग चार्ज भी वसूल किया जाए।  नगर निगम ग्रेटर द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर करने के लिये प्रतिदिन नवाचार कर रहा है सीसीटीवी कैमरो की निगरानी सहित अब मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से जयपुरवासियों से शहर को स्वच्छ करने की अपील भी की जायेगी।
गौरतलब है कि नगर निगम ग्रेटर की टीमों द्वारा अब तक समस्त जोनों एवं वार्डों में कुल 648 ओपन कचरा डिपो में से 558 ओपन कचरा डिपो समाप्त कर दिए गए हैं। साथ ही शेष 90 ओपन कचरा डिपो की समाप्ति भी टीमों द्वारा की जा रही है। जिससे उन्हें शीघ्र समाप्त कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए। शहर को गंदा करने वाले दोषी व्यक्तियों से 1 अप्रैल 2025 से अब तक लगभग 57 लाख 47 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया जा चुका है। इसके साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दोषी व्यक्तियों से 1 अप्रैल 2025 से अब तक लगभग 11 लाख से अधिक का कैरिंग चार्ज वसूल किया जा चुका है।
आयुक्त ने मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र आवेदकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आयुक्त ने संपर्क पोर्टल पर 60 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, नगरीय विकास कर के संबंध में कैंप की प्रगति रिपोर्ट, आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए की जा रही फोगिंग संबंधी गतिविधियों के संबंध में चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

abhay