किशनगढ़ , 24 सितंबर – उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज किशनगढ़ नगर परिषद प्रांगण में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आए लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो और जनकार्य गंभीरता से लिए जाएं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने लंबे समय से पट्टे की प्रतीक्षा कर रहे लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चेक भी प्रदान किए। लाभ मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और राज्य सरकार का आभार प्रकट किया।
दिया कुमारी ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए महिलाओं और बच्चों के साथ केक भी काटा। वही दिया कुमारी ने शिविर के दौरान 6 महीने के बच्चों को अन्न प्राशन संस्कार भी करवाया । उन्होंने महिला पार्षदों से भी शहर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जनहितकारी योजनाएं चला रही है जिनका लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने लाड़ो प्रोत्साहन योजना और जीएसटी दरों में कटौती जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम जनता को आर्थिक राहत मिली है।

















