जीएसटी बचत उत्सव पर दुकानदारो में दिखा उत्साह
जयपुर/किशनगढ़।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को किशनगढ़ के मुख्य बाजार में दौरा कर दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने जीएसटी दरों में की गई कटौती के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया जानी और उन्हें सरकार की ओर से मिल रही राहत की जानकारी दी।
दिया कुमारी ने बाजार की दुकानों पर जाकर व्यापारियों से संवाद किया। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि, “इस बार दिवाली से पहले ही दिवाली का तोहफा मिल गया है। जीएसटी में राहत से न केवल व्यापार को फायदा हुआ है बल्कि आम जनता को भी महंगाई से राहत मिली है।”
दिया कुमारी ने कहा कि, “जीएसटी में हुए बदलावों से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है। त्योहारी सीजन में घरेलू और आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती से लोग खुश हैं। सरकार का उद्देश्य है कि जनता को आर्थिक रूप से राहत मिले और बाजार में रौनक बनी रहे।”
उपमुख्यमंत्री ने दुकानदारों को गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें टैक्स में दी गई राहत की जानकारी दी और “जीएसटी बचत उत्सव” के तहत जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा,“हमें अपने प्रतिष्ठानों में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे न केवल स्थानीय व्यापार मजबूत होगा, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के अभियान में भी हम योगदान देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।”

















