देवमाली में भादवी छठ पर्व पर आस्था और विकास का संगम
भगवान विष्णु के अवतार, लोकदेव और जनकल्याण के प्रतीक भगवान श्री देवनारायण जी की भादवी छठ पर्व पर देवमाली में भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु उमड़े और भगवान श्री देवनारायण जी के प्रिय घोड़े नीलगिरी के अवतरण दिवस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
उपमुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने देवमाली स्थित देवनारायण मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की।
*धार्मिक पर्यटन को नई दिशा*
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती दिया कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रसाद और स्वदेश दर्शन योजनाओं के माध्यम से देशभर के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। खाटूश्याम जी, करणी माता मंदिर, बेणेश्वर धाम, ब्रह्मा कॉरिडोर पुष्कर, महाराणा प्रताप सर्किट और कृष्णा सर्किट जैसे प्रोजेक्ट इसका हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतत कार्य कर रही है। इसी क्रम में वर्ष 2025-26 के बजट में देवमाली के विकास के लिए लगभग करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
**विकास कार्यों को तेज रफ्तार*
दिया कुमारी ने कहा कि देवमाली को भारत का बेस्ट टूरिस्ट विलेज चुना जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
देवमाली क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर बड़े स्तर पर काम शुरू होने जा रहा है। शेरगढ़ से देवमाली सड़क रिपेयर के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। वहीं खरवा से शेरगढ़ होते हुए देवमाली तक की सड़क का निर्माण कार्य भी शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।
इसके साथ ही देवमाली प्रवेश द्वार से मंदिर मुख्य द्वार तक फोर लेन सड़क बनाने की घोषणा भी कर दी गई है। भोलादाता से देवमाली तक की सड़क सहित संपूर्ण कार्य पर लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि रोपवे निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होंगे। मोबाइल टावर कनेक्टिविटी का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा “कोई भी विकास कार्य अधूरा नहीं रहेगा, सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।”
इस अवसर पर श्री ओमप्रकाश भडाना (अध्यक्ष, देवनारायण बोर्ड), विधायक श्री विरेन्द्र कानावत, सरपंच श्री पीरू गुर्जर, ज़िला कलेक्टर श्री कमल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और भक्तगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन गगनभेदी जयकारों के साथ हुआ-
“साडु माता की जय! भगवान श्री देवनारायण जी की जय!”

















