मसूदा–ब्यावर हाईवे प्रोजेक्ट: 9-10 माह की देरी पर दिया कुमारी ने जताई नाराज़गी
ब्यावर, 29 अगस्त।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को मसूदा से ब्यावर के बीच राज्य राजमार्ग-26ए (SH-26A) के गोयला सेक्शन पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यह परियोजना 66.77 किलोमीटर लंबे खंड के विकास एवं अनुरक्षण हेतु पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत डिज़ाइन, बिल्ड, ऑपरेट/मेन्टेन एवं ट्रांसफर (DBOT हाइब्रिड एन्नुइटी) आधार पर क्रियान्वित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अंधेरी देवरी विद्यालय के पास सीसी रोड की गुणवत्ता, मोटाई, चौड़ाई तथा रोड कटिंग की स्थिति का अवलोकन किया। मौके पर मोटाई मानकानुसार पाई गई, जबकि अन्य परीक्षण प्रयोगशाला स्तर पर किए जाएंगे। उन्होंने नाले से जुड़े अतिक्रमण की स्थिति का भी जायज़ा लिया।

स्थानीय नागरिकों ने अवगत कराया कि नाला सड़क के काफी निकट स्थित है। इस पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रभावित व्यक्तियों को मुआवज़ा प्रदान किया जा चुका है और नाले का निर्माण सड़क से उचित दूरी पर किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुआवजा प्रकरण की पुनः जांच कराई जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न रहे।
दिया कुमारी ने निर्माण कार्य में 9-10 माह की देरी पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता की पुनः जांच सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं राजस्थान स्टेट हाईवे अथॉरिटी (RSHA) के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आगामी 2-3 माह में सड़क निर्माण एवं नाले से संबंधित सभी कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे।

















