विधानसभा में विधायक गोविंद रानीपुरिया ने उठाया ऊर्जा उत्पादन का मुद्दा।

अनुज जैन/ मनोहर थाना
मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री गोविंद प्रसाद रानीपुरिया ने राजस्थान विधानसभा में प्रदेश की ऊर्जा स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया। विधायक रानीपुरिया ने पूछा कि जनवरी 2023 से जुलाई 2025 तक राज्य में नवीन विद्युत उत्पादन इकाइयों से कितनी बिजली का उत्पादन हुआ है तथा इनके निर्माण हेतु कितनी राशि स्वीकृत की गई है।

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने सरकार की तरफ से सदन में मौखिक जवाब में बताया गया कि इस अवधि में राज्य में डिस्कॉम्स से अनुबंधित नवीन इकाइयों की 4457.98 मेगावाट उत्पादन क्षमता स्थापित हुई है। इन इकाइयों से 6308.66 मिलियन यूनिट बिजली की खरीद की गई।

विधायक के प्रश्न पर मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नवीन सौर ऊर्जा एवं बायोमास ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना विभिन्न निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्वयं के स्तर पर की गई है तथा इनसे उत्पादन भी प्रारंभ हो चुका है। वहीं आणविक ऊर्जा संयंत्र का निर्माण न्यूक्लियर पॉवर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) द्वारा किया जा रहा है। इस संदर्भ में राज्य सरकार की ओर से कोई राशि स्वीकृत अथवा व्यय नहीं किया गया है।

विधायक गोविंद रानीपुरिया ने कहा कि ऊर्जा उत्पादन और आपूर्ति सीधे तौर पर प्रदेश की जनता के जीवन से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने विधानसभा में आश्वासन दिया कि वे विधानसभा क्षेत्र की जनता को निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

abhay