हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस पर 12 जुलाई को भव्य आयोजन

Grand event on Hanumangarh district 
foundation day on July 12

सांस्कृतिक संध्या में लोककलाओं की जादुई झलक

सुखवन्त सिंह‌‌‌ संवाददाता जिला हनुमानगढ़, 11 जुलाई।

पर्यटन विभाग, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 12 जुलाई, 2025 को हनुमानगढ़ स्थापना दिवस के 32वें संस्करण का आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है। इस अवसर को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने हेतु प्रातः 8 बजे से भटनेर किले को आमजन के लिए निःशुल्क प्रवेश हेतु खोला जाएगा। साथ ही कालीबंगा पुरातात्विक स्थल का भ्रमण जिले के विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा।

स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक संध्या सांय 7 बजे सेंट्रल पार्क में आयोजित होगा। शुरुआत राजस्थानी लोकसंस्कृति की झलक के साथ होगी, जिसमें मशक वादन, कच्छी घोड़ी तथा राजस्थानी परिधान में सजे रोबीले कलाकार भव्य स्वागत करेंगे। ये दृश्य दर्शकों के लिए सांस्कृतिक गौरव का अनुभव कराएंगे और राजस्थान की समृद्ध विरासत को जीवंत करेंगे।

सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन में सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान एवं भारत के विभिन्न अंचलों से पधारे लोक कलाकारों द्वारा भवई नृत्य, चरकुला नृत्य, पंजाबी भांगड़ा व गिद्दा, बीन-भपंग-बांसुरी, तथा गोगामेड़ी का पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही मयूर नृत्य और फूलों की होली की आकर्षक प्रस्तुतिया दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी।

संयुक्त निदेशक श्री अनिल राठौड़ ने बताया कि इस बार आयोजन को जनसामान्य की भागीदारी और सांस्कृतिक समरसता को केंद्र में रखकर विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। आयोजन का उद्देश्य न केवल जिले की ऐतिहासिक विरासत को उजागर करना है, बल्कि हनुमानगढ़ की संस्कृतिक, पर्यटन एवं लोक जीवन की विविधता को समर्पित एक जीवंत मंच देना भी है।
___

abhay