जानें आपकी EMI पर कितना पड़ेगा असर?
एक ओर जहां ऑटोमोबाइल कंपनियां इन दिनों अपनी कारों पर लाख-लाख रुपये का डिस्काउंट दे रही हैं, वहीं बैंकिंग सेक्टर भी अपने ग्राहकों को लुभाने में लगे हैं. फेस्टिव सीजन से पहले देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी (HDFC) बैंक ने अपने ग्राहकों को राहत देने का ऐलान किया है. बैंक ने एमसीएलआर (Marginal Cost of Funds-based Lending Rates) को चुनिंदा टेन्योर पर 5 बेसिस प्वाइंट (0.05%) तक घटा दिया है. इस फैसले से उन लाखों ग्राहकों को फायदा मिलेगा जिनके लोन MCLR से लिंक्ड हैं. EMI पर सीधा असर होगा और उधार लेना थोड़ा आसान हो जाएगा.
एचडीएफसी बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, नई दरें इस प्रकार हैं:
* ओवरनाइट और 1 महीने का MCLR: 8.55% (कोई बदलाव नहीं)
* 3 महीने का MCLR: 8.60%
* 6 महीने और 1 साल का MCLR: घटकर 8.65% (पहले 8.70%)
* 2 साल का MCLR: 8.70% (पहले 8.75%)
* 3 साल का MCLR: 8.75% (कोई बदलाव नहीं)
यानि 6 महीने और 1 साल वाले लोन पर ईएमआई थोड़ी ही कम होगी. उदाहरण के लिए, अगर किसी का 50 लाख रुपये का होम लोन 20 साल की अवधि के लिए है, तो ईएमआई में करीब 250 से 300 रुपये प्रति माह तक की बचत हो सकती है.

















