जाली नोट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

• ई-मित्र संचालक से ठगी करने वाला बिहार का आरोपी जैसलमेर पुलिस की गिरफ्त में, विस्तृत पूछताछ जारी

जयपुर 29 अगस्त। जैसलमेर पुलिस ने जाली नोट के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कोतवाली ने जाली नोट रैकेट के मुख्य आरोपी रजाबुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार का रहने वाला है और उस पर ई-मित्र संचालक से ठगी करने का आरोप है।
एसपी शिवहरे ने बताया कि यह घटना 18 अगस्त 2025 की है। मोहनगढ़ निवासी असरूद अली जो डी.के. सांवरा नाम से ई-मित्र चलाते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को एक व्यक्ति उनके पास आया और 14,000 रुपये नकद लिए, जिसके बदले में उसने गूगल पे से भुगतान किया। उसी दिन शाम को वह व्यक्ति दोबारा आया और 10,100 रुपये नकद देकर 10,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा।
असरूद अली को नोटों पर थोड़ा शक हुआ। अगले दिन उन्होंने एक अन्य ई-मित्र पर नोटों की जांच कराई, तो मशीन ने 10,000 रुपये के कुल 9 नोटों को नकली बताया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर पुलिस ने तत्काल एक टीम का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत और वृत्ताधिकारी रूपसिंह ईंदा के निर्देशन व थानाधिकारी प्रेमदान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
गहन छानबीन के बाद पुलिस ने जाली नोट के मुख्य आरोपी रजाबुल पुत्र मोहम्मद खलील निवासी आमौर पूर्णिया बिहार को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से जाली नोटों के रैकेट के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है। इस गिरफ्तारी से इस तरह के और भी अपराधों का खुलासा होने की उम्मीद है।
—————-

abhay