आरपीएससी ने जारी किया अंतिम परिणाम, 33 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों को पछाड़ा
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित जनसंपर्क अधिकारी परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम सोमवार को जारी किया गया। इसमें जयपुर के नितेश सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
आयोग द्वारा गत वर्ष जनसंपर्क अधिकारी के 6 पदों के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। इन पदों पर चयन के लिए कुल 33 हजार 720 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार की कठिन प्रक्रिया के बाद नितेश सिंह ने न केवल सफलता अर्जित की बल्कि प्रथम स्थान सरीखी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सबको प्रभावित किया।
नितेश सिंह ने जनसंचार विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका अनुभव 13 वर्षों से अधिक का रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एचबीसी न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद उन्होंने ईटीवी राजस्थान, ज़ी न्यूज, भारत 24 और फर्स्ट इंडिया न्यूज जैसे राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय न्यूज चैनलों में कार्य किया। इस दौरान वे आउटपुट हेड जैसे वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं देते रहे और कई बड़ी खबरों की कमान संभाली।
अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए नितेश सिंह ने कहा कि यह सफलता मेरे लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि मेरे माता-पिता और परिवार के आशीर्वाद तथा मार्गदर्शन का परिणाम है। मैंने हमेशा विश्वास किया है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और धैर्य से हर कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
नितेश सिंह ने कहा कि वे अब जनसंपर्क अधिकारी की भूमिका में समाज और सरकार के बीच प्रभावी संचार सेतु बनने का संकल्प लेकर कार्य करेंगे। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उसे अवसर मानकर पूरी ईमानदारी और लगन से तैयारी करनी चाहिए। सफलता निश्चित रूप से कदम चूमेगी।
33 हजार से अधिक अभ्यर्थियों में अव्वल रहकर नितेश सिंह ने प्रदेश और विशेषकर जयपुर का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पत्रकारिता जगत और शिक्षण क्षेत्र से जुड़े लोग भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

















