सड़क पर विचरते गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अभियान चला कर करेंगे ठोस पहल -पंकज ओझा
देवरा बाबा गौसेवा परिवार के राष्ट्रीय प्रचारक संजय शर्मा एवं राष्ट्रीय कार्यकारी निदेशक युद्वीर बलवाड़ा बोले, हमारा संकल्प : भारत में गौ आधारित अर्थव्यवस्था की स्थापना
जयपुर। देवरा बाबा गौसेवा परिवार के राष्ट्रीय प्रचारक संजय शर्मा एवं राष्ट्रीय कार्यकारी निदेशक युद्वीर बलवाड़ा ने गोपालन विभाग के नवनियुक्त निदेशक पंकज ओझा का गौ माता का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर देवरा बाबा गौसेवा परिवार और गोपालन विभाग के बीच प्रदेश में संचालित गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा देवरा बाबा की गौ-आधारित अर्थव्यवस्था की अवधारणा को साकार करने की दिशा में विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान निदेशक ओझा ने अपने संबोधन में कहा कि शीघ्र ही एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत सड़क पर विचरते गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गौ माता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दायित्व भी है। देवरा बाबा गौसेवा परिवार ने निदेशक पद पर ऐसे अधिकारी की नियुक्ति को, जो स्वयं गौ सेवा का भाव रखते हैं, “बाबा की विशेष कृपा” बताया और आभार भी प्रकट किया। संजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश की सभी गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही सड़क किनारे विचरते गौवंश के संरक्षण हेतु अभियान की रूपरेखा, गौ-आधारित उत्पादों एवं योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर बल सहित पारदर्शिता एवं आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने की प्रतिबद्धता पर चर्चा की गई। बकौल शर्मा, देवरा बाबा गौसेवा परिवार का मानना है कि यह नियुक्ति गौ सेवा के क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगी और प्रदेश की गौशालाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी। शर्मा ने बताया कि सिद्धगुरु श्री सिद्धेश्वर ब्रह्मऋषि गुरुदेव की प्रेरणा से देवराहा बाबा गौसेवा परिवार भारत में गौ आधारित अर्थव्यवस्था स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध है। इसी क्रम में गौ महाकुंभ 2025 का आयोजन विगत दिनों विद्याधर नगर स्टेडियम, जयपुर में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें देशभर से आए 150 से अधिक प्रतिभागियों और 2 लाख से अधिक गौ भक्तों ने सहभागिता की। उन्होंने ओझा को इस संबंध में विस्तार से बताया कि इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए राजस्थान राज्य के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित राजस्थान सरकार के गौप्रेमी मंत्रियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शर्मा एवं बलवाड़ा ने राजस्थान में गौ आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, प्रदेश की गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सड़क पर विचरते गौवंश के संरक्षण व संवर्धन पर विस्तृत चर्चा की।
देवराहा बाबा गौसेवा परिवार का मानना है कि यह पहल गौ सेवा को नई दिशा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

















