विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने 8 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

अनुज जैन / मनोहर थाना

विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कर्मचारियों ने मनोहरथाना उपखंड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की शुरुआत की है। राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी संगठन के बैनर तले कर्मचारियों ने सहायक अभियंता को 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

संगठन के उपखंड अध्यक्ष नवल मीणा के अनुसार, राजस्थान के सभी उपखंडों में यह ज्ञापन दिया गया है। इसमें पांचों विद्युत निगमों की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।

मांगों में 2400 ग्रेड पे को नियुक्ति तिथि से सभी विद्युत निगमों में लागू करने की मांग शामिल है। साथ ही, आईटीआई होल्डर तकनीशियन के लिए 2018 से लागू टाइम बाउंड पद-अपग्रेडेशन का वित्तीय लाभ जयपुर डिस्कॉम की तर्ज पर देने की मांग है। कर्मचारियों ने विद्युत विभाग को आपातकालीन सेवा मानते हुए हार्ड ड्यूटी भत्ता और बिजली कर्मचारियों को मुफ्त बिजली की सुविधा देने की मांग भी की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 6 अक्टूबर को जिला स्तर पर, 15 अक्टूबर को जोधपुर में और उसके बाद अजमेर में धरना दिया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा।

abhay