लखन ठाकुर की रिपोर्ट
चोली |इंदौर में हाल ही में हुई जल जनित त्रासदी एवं मासूम लोगों की जान जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए ग्राम चोली में जल सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। ग्राम पंचायत चोली द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड बड़वाह के विभाजित तकनीशियन बद्री वर्मा की उपस्थिति में सभी शासकीय कुओं का वाटर सैंपल लिया गया एवं क्लोरीनेशन की कार्यवाही की गई।
इस दौरान पंचायत द्वारा ग्राम की समस्त शासकीय संस्थाओं—राजकीय चिकित्सालय, शासकीय हाई स्कूल, शासकीय छात्रावास सहित गांव के सभी जल स्रोतों, कुओं एवं पानी की टंकियों का गहन सर्वेक्षण किया गया। जहां-जहां शुद्धता में कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए गए।
ग्राम से लिए गए सभी जल कुप से सैंपल को जांच के लिए बड़वाह स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन दिनों के भीतर सभी सैंपलों की रिपोर्ट आ जाएगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि ग्राम का पानी पीने योग्य है या नहीं।
इंदौर की घटना से सबक लेते हुए ग्राम चोली में जल संग्रहण टंकियों, जिनसे पूरे गांव में पानी की आपूर्ति होती है, का विशेष निरीक्षण किया गया। साथ ही अलग-अलग स्थानों से जल सैंपल लेकर जांच प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया।
इस अवसर पर ग्राम चोली से सरपंच पति मोहन मोकालिया, उप-सरपंच हंसराज पटेल, सचिव रिंकी चौहान, श्याम, अनिल धनोरिया, वरिष्ठ नागरिक मनोहर पटेल, गोविंद मकवाने, विनोद वर्मा सहित पत्रकार संघ चोली की टीम उपस्थित रही।
ग्राम पंचायत एवं पत्रकार संघ की इस संयुक्त पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे जनस्वास्थ्य की दृष्टि से एक सराहनीय कदम बताया।
















