JAS शो से सजी रत्न नगरी, व्यापार, पर्यटन और रोजगार में नई ऊर्जा का संचार- उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

JAS show adorns Ratna City, brings new 
energy to trade, tourism and employment- 
Deputy Chief Minister Diya Kumari

जयपुर बना ज्वेलरी व्यापार का ग्लोबल मंच, रोजगार और परंपरा का संगम
विरासत से लेकर डिज़ाइनर्स की दुनिया तक – JAS शो ने रचा नया इतिहास

जयपुर में आज ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर द्वारा आयोजित देश के प्रतिष्ठित ‘JAS – The Premium B2B Show’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने उद्घाटन समारोह में भाग लेकर उपस्थित जोहरियों, व्यापारियों एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रत्न और आभूषण उद्योग न केवल राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कलात्मकता का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ भी है। जयपुर के रत्न व्यवसाय की विश्व भर में पहचान है और यह लाखों लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जयपुर को आभूषण निर्माण और डिजाइनिंग का वैश्विक केंद्र बनाने का श्रेय महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय को जाता है, जिन्होंने दूर-दूर से कुशल कारीगरों को आमंत्रित कर इस नगरी को रत्न एवं आभूषण कला की राजधानी के रूप में स्थापित किया।

JAS शो के माध्यम से राज्य के व्यापार, पर्यटन और एमएसएमई सेक्टर को भी नई दिशा मिल रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन राजस्थान को $350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में Titan कंपनी के एमडी श्री सी.के. वेंकटरमन, अध्यक्ष श्री आलोक सौखिया, मानद मंत्री श्री नीरज लुणावत, उपाध्यक्ष श्री राजू मंगोड़ीवाला, संयोजक श्री अशोक माहेश्वरी सहित देशभर के सैंकड़ो खरीदार, 300 से अधिक प्रदर्शक और हज़ारों विजिटर्स उपस्थित रहे।

JAS शो के तहत “Connect to Source” और “Royal d’Art” जैसी थीम्स ने ट्रेड विजिटर्स और डिज़ाइनर्स को विशेष आकर्षित किया, वहीं Jewellery Bourse और Rising Rajasthan के माध्यम से रत्न व्यापार की संभावनाएं और अधिक सशक्त होती दिखीं।

उपमुख्यमंत्री ने MSME की भागीदारी और सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण की भी सराहना की तथा कहा कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं, कारीगरों और व्यापारियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

यह शो न केवल उद्योग जगत के लिए बल्कि राजस्थान के गौरव,समृद्ध परंपरा, उन्नत व्यापार और पर्यटन के विकास के लिए भी एक प्रेरणादायी अवसर है।

 

abhay