डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने करौली में ली समीक्षा बैठक

Discoms Chairman Aarti Dogra held 
a review meeting in Karauli

*हिण्डौन में 33 केवीए जीएसएस का किया निरीक्षण*

*विद्युत निगम के अधिकारियों को सक्रिय रहकर कार्य करने के दिये निर्देश*
करौली, 03 जुलाई । विद्युत वितरण निगमों की अध्यक्ष एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक सुश्री आरती डोगरा ने गुरूवार को करौली स्थित अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय में डिस्कॉम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इससे पूर्व उन्होंने हिण्डौन में 33 केवीए जीएसएस एवं विद्युत सब डिविजन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
बैठक में उन्होंने उपभोक्ताओं को सुगमता से विद्युत सेवायें उपलब्ध कराने के लिए अधीक्षण अभियन्ता रूपसिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया।
सुश्री डोगरा ने कहा कि कनेक्शन के आवेदनों पर अधिकारी त्वरित कार्यवाही करें और समय पर कनेक्शन उपलब्ध कराएं, जिससे आवेदकों को विद्युत कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं काटने पडे़। उन्होंने लोड प्रबंधन, बिजली की छीजत रोकने और विद्युत चोरी पर लगाम लगाने के लिए विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए। समय पर बिलिंग कर विद्युत राजस्व में बढोतरी करने को कहा।

सुश्री डोगरा ने कहा कि अधिकारी उपभोक्ताओं के फोन को अविलम्ब अटेण्ड कर उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
डिस्कॉम्स चेयरमैन ने राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुसार उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति, किसानों को समय पर कृषि कनेक्शन, निर्धारित समय अनुसार ट्रांसफार्मर बदलने, आगामी कृषि सीजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की समस्याओं का पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण, कुसुम, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली तथा आरडीएसएस आदि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किये।

उन्होंने वर्षा के मौसम को देखते हुए निर्देशित किया कि जीएसएस में पानी इकठ्ठा नहीं हो जिससे कि विद्युत उपकरणों, ट्रांसफार्मरों, खंभों आदि को क्षति नहीं पहुंच सके। मानसून के मद्देनजर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर विद्युत् आपूर्ति बंद करने को भी कहा। जिससे कहीं कोई हादसा अथवा जान-माल की हानि नहीं हो।

*हिण्डौन के 33 केवीए जीएसएस का निरीक्षण * –
समीक्षा बैठक से पूर्व सुश्री डोगरा ने हिंडौन में 33 केवी जीएसएस तथा एईन ए प्रथम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, वितरण से संबन्धित उपकरणों के नियमित मरम्मत व रख-रखाव, कार्मिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों एवं उपायों, आपातकालीन सुविधाओं आदि से संबन्धित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही 181 एवं संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों के नियमित निस्तारण, सूचारू विद्युत आपूर्ति, व्यवधान आने पर बिजली आपूर्ति की त्वरित बहाली, तय मानकों के अनुसार उपकरणों की नियमित साफ-सफाई एवं मरम्मत के माध्यम से उचित रख-रखाव भी सुनिश्चित करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता को प्रदान किए। वहीं शहर में ढीले तारों को दुरुस्त कर सुव्यवस्थित करवाने के निर्देश भी दिये। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर विद्युत सुविधाओं के बारे में प्रतिक्रिया भी जानी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश प्रदान किये जिससे आमजन को विद्युत आपूर्ति के संबंध में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो। इस अवसर पर संभाग के जोनल मुख्य अभियन्ता उमेश गुप्ता, अधिशाषी अभियन्ता डीडी मीणा सहित अन्य अभियंता उपस्थित रहे।

abhay