जयपुर, 24 जुलाई। राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर “ऑल राजस्थान छात्रसंघ चुनाव संघर्ष समिति” के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनके आवास पर मुलाकात आग्रह किया कि राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत छात्रसंघ चुनावों को शीघ्र बहाल कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार (2003-08) के दौरान छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगा दी गई थी, जिसे 2010 में कांग्रेस सरकार ने फिर से शुरू किया। कोविड-19 के कारण 2020 में चुनाव स्थगित हुए थे, जिन्हें 2022 में पुनः शुरू किया गया था ।
छात्रों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अवगत कराया कि 2023 में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के चलते कॉलेज परिसरों के अधिग्रहण और नई शिक्षा नीति के तहत कुछ प्रशासनिक कारणों से चुनाव फिर स्थगित कर दिए । दिसंबर 2023 में सत्ता परिवर्तन के बाद अब तक छात्रसंघ चुनाव शुरू नहीं किए गए हैं।
मिलने आए छात्रों के प्रतिनिधि मंडल को इस संबंध में अशोक गहलोत ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी कई बार सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की है और एक बार फिर वे सरकार से आग्रह करते हैं कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं।

















