महिला एवं बाल विकास पर हुई अहम चर्चा
जयपुर, 21 अगस्त।
उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दीया कुमारी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान राजस्थान में महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में दीया कुमारी ने केंद्रीय मंत्री से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र से अनुदान राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों के मानदेय में बढ़ोतरी की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि वे और अधिक समर्पण के साथ अपना कार्य कर सकें।
उपमुख्यमंत्री ने राज्य में बाल विकास सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए नए सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना अधिकारी) कार्यालयों की स्वीकृति और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना हेतु आवश्यक केंद्रीय राशि उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया।
इस अवसर पर दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान सरकार महिला सशक्तिकरण, पोषण और बाल कल्याण जैसे संवेदनशील विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बने और हर बच्चे को स्वास्थ्य एवं शिक्षा की बेहतरीन सुविधाएं मिलें।

















