भगवान गणेश का आशीर्वाद आत्मबल देता है, उसी से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है – मदन राठौड़

हमारी प्रार्थना है कि राजस्थान समृद्ध बने, हर नागरिक का जीवन स्तर उच्च और सुदृढ़ हो – मदन राठौड़
————————————

जयपुर, 27 अगस्त 2025 | भाजपा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी जयपुर स्थित विश्वविख्यात मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणपति बाप्पा के दर्शन कर प्रदेशवासियों और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने भगवान गणेश जी की आराधना करते हुए कहा कि आज का यह पावन क्षण जीवन का अमूल्य सौभाग्य है। यहाँ अपार श्रद्धा के साथ हजारों भक्तजन उपस्थित रहे और सभी ने भक्ति भाव से दर्शन कर पुण्य लाभ पाया।
दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा “जब भी हम किसी मंदिर में जाते हैं और भगवान के दर्शन करते हैं, तो मन में एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। ईश्वर का आशीर्वाद हमारे आत्मबल को कई गुना बढ़ा देता है। वही आत्मबल हमें हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देता है। आज मैंने भगवान गणेश जी से प्रार्थना की है कि राजस्थान समृद्ध हो, हर नागरिक का जीवन स्तर ऊँचा और सुदृढ़ बने, हर परिवार सुखी रहे और भारत का गौरव विश्वभर में बढ़े।”

प्रदेश अध्यक्ष ने इस अवसर पर जयपुर की परंपरा और आस्था का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जयपुर की सबसे भव्य और विशाल गणेश शोभायात्रा यहीं से प्रारंभ होती है। इस शोभायात्रा में न केवल जयपुरवासी बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों से आए भक्तजन भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

उन्होंने मीडिया और समाज को संदेश देते हुए कहा“नई पीढ़ी को संस्कारवान और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। आप सबके माध्यम से यह भक्ति और संस्कृति का संदेश घर-घर तक पहुँचे। भगवान गणेश केवल विघ्नहर्ता ही नहीं, अपितु नए मार्गदर्शक भी हैं। जब समाज में भक्ति, संस्कार और एकता होती है, तो विकास की राह स्वतः प्रशस्त हो जाती है।” इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक प्रणामी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ जी का यह दर्शन और प्रार्थना प्रदेश की जनता के लिए शुभ संकेत है।

abhay