*दिया कुमारी का जैसलमेर दौरा- मंदिर दर्शन से बॉर्डर विजिट तक, हर कदम पर दिखा देशभक्ति का जज़्बा*
*तनोट माता मंदिर में पूजा, विक्ट्री पिलर पर श्रद्धांजलि और बॉर्डर पर जवानों से संवाद- दिया कुमारी का खास दौरा*
जैसलमेर, 31 अगस्त।
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शुक्रवार को जैसलमेर जिले के तनोट क्षेत्र के विशेष दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने तनोट माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं देश की सुरक्षा की मंगलकामना की।
उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम भी सुना। तनोट माता मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यह धाम देश की आस्था और वीरता का प्रतीक है। गौरतलब है कि 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों के दौरान यहां गिरे कई गोले माता के चमत्कार से फटे नहीं थे।
मंदिर दर्शन के बाद दिया कुमारी ने BSF जवानों से संवाद किया। इस दौरान जवानों ने उन्हें सेना की कैप पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि पूरा देश उनकी वीरता पर गर्व करता है।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री तनोट विक्ट्री पिलर पर पहुंचीं और शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यात्रा के दौरान वे बबलियां चौकी भी गईं, जहाँ उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से बातचीत की और उनके अनुभव सुने। दिया कुमारी ने जवानों के जज़्बे और समर्पण को सलाम करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, नाचना ठाकुर विक्रम सिंह नाचना जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

















