23 दिसम्बर, जयपुर। वित्त विभाग के तत्वाधान में सार्वजनिक उपापन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिंगल होलिस्टिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल (SHPP) के परिचय, आमुखीकरण एवं लॉन्चिंग के संदर्भ में बुधवार को CoERRA भवन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता वैभव गालरिया, प्रमुख शासन सचिव, वित्त द्वारा की गई।
इस अवसर पर वैभव गालरिया ने सार्वजनिक उपापन प्रणाली की वर्तमान चुनौतियों का उल्लेख करते हुए SHPP को एक Unified Solution बताया, जो विभिन्न प्रक्रियाओं को एकीकृत कर सरकारी खरीद को अधिक सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाएगा।
कार्यशाला में शासन सचिव, बजट राजन विशाल द्वारा SHPP की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि SHPP की प्रभावी क्रियान्विति से संविदा प्रबंधन एवं सार्वजनिक उपापन प्रणाली सुदृढ़ होगी, जिससे राजकीय योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए आवंटित बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी।
SHPP एक Integrated System है, जिसमें SPPP, e-Procurement, GeM एवं WAM जैसे प्लेटफॉर्म्स को एकीकृत कर एक ही सिंगल डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। कार्यशाला के दौरान SHPP के चार प्रमुख मॉड्यूल— Request for Quotation,Limited Bidding,Procurement from Notified Agencies,Vehicle on Hiring का औपचारिक लॉन्च किया गया तथा Live Demo के माध्यम से इसकी कार्यप्रणाली का प्रस्तुतीकरण किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष , वित्तीय सलाहकार, मुख्य लेखाधिकारी सहित वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। SHPP के माध्यम से राज्य सरकार की मंशानुसार सार्वजनिक उपापन प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाते हुए सुशासन की दिशा में एक सशक्त कदम उठाया गया है।

















