भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला एक्सियम मिशन 4 के तहत आज यानी, 25 जून को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हुए। उनके साथ तीन अन्य एस्ट्रोनॉट भी स्पेस स्टेशन जा रहे हैं। शुभांशु शुक्ला इस मिशन के पायलट है।
मिशन भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 12:00 बजे फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया। स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से जुड़े ड्रैगन कैप्सूल में सभी एस्ट्रोनॉट ने उड़ान भरी। ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट करीब 28.5 घंटे के बाद 26 जून को शाम 04:30 बजे ISS से जुड़ेगा।
मैं हाथों में तिरंगा लेकर जा रहा हूं- शुभांशु शुक्ला
बार-बार टलने के बाद आखिरकार आज Axiom 4 मिशन लॉन्च हो गया। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला समेत 4 एस्ट्रोनॉट्स को लेकर ड्रैगन कैप्सूल अंतरिक्ष के लिए रवाना हो गया। इस मिशन की लॉन्चिंग सफल रही है। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष में मेरी उड़ान भारत की उड़ान है। मैं हाथों में तिरंगा लेकर जा रहा हूं।
कितने दिनों का है अभियान ?
नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से फॉल्कन 9 रॉकेट ने सफलतापूर्वकर उड़ान भरी है। कल शाम 4.30 बजे ये अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से जुड़ेंगे। यह पूरा अभियान कुल 14 दिनों का है। राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला दूसरे भारतीय हैं जिन्हें अंतरिक्ष में पहुंचने की उपलब्धि हासिल होने वाली है। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष में मेरी उड़ान भारत की उड़ान है। मैं हाथों में तिरंगा लेकर जा रहा हूं।
शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल ने कहा कि मेरे बेटे की उपलब्धि ने केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा, “यह बहुत अच्छा अनुभव है, हम सब बहुत भावुक हो गए थे। बहुत खुशी है।” वहीं शुभांशु शुक्ला की बहन शुचि मिश्रा ने कहा, “यह बहुत भावुक पल था, मेरे पास शब्द नहीं हैं। हम बहुत खुश हैं कि पहला स्टेज अच्छे से पार हो गया लेकिन यह बस शुरुआत है, अभी बहुत कुछ बाकी है।”
















