अनदेखी कर रही है भाजपा सरकार: अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार किसानों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। उन्होंने कहा कि सरसों की फसल बाजार में आ चुकी है, लेकिन अब तक न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। इसके विपरीत, गेहूं की कटाई अभी शुरू भी नहीं हुई, फिर भी उसकी MSP पर खरीद के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया।
गहलोत ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अपने चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा ने गेहूं की MSP 2700 रुपए प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है और उनकी आवश्यकताओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इससे पहले मूंगफली की सरकारी खरीद में भी भ्रष्टाचार की कई शिकायतें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने में सरकार बुरी तरह विफल रही है।
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को ना तो पर्याप्त बिजली दे पा रही है, ना ही सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करा रही है और ना ही उनकी उपज का सही मूल्य दिला रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने किसानों को केंद्र सरकार की तरह उनके हाल पर छोड़ दिया है।
गहलोत ने मांग की कि सरकार को तुरंत MSP पर सरसों की खरीद शुरू करनी चाहिए और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो किसान खुद अपने हक के लिए संघर्ष करने पर मजबूर हो जाएंगे।
About The Author
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List