गहलोत और कांग्रेसी नेता बौखलाहट में फैला रहे अफवाहें:— मदन राठौड़

 

देश का लोकतंत्र पूरी तरह स्वस्थ और मजबूत, गहलोत जैसे नेता उसे कमजोर दिखाकर सिर्फ चमकाना चाहते है अपनी राजनीति:— मदन राठौड़
…………………..

 

जयपुर, 23 जुलाई 2025। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए इसे ‘राजनीतिक बौखलाहट’ और ‘जनता को गुमराह करने की कोशिश’ बताया। राठौड़ ने कहा कि गहलोत संवैधानिक प्रक्रिया को समझे बिना टिप्पणी कर रहे हैं और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगाकर उनका अपमान कर रहे हैं। “धनखड़ जी ने इस्तीफा स्वास्थ्य कारणों के तहत दिया है। वे दो—तीन बार कार्यक्रमों में भी अस्वस्थ होने के कारण अस्पताल में भी भर्ती हो चुके है। राठौड़ ने कहा कि ना तो गहलोत चिकित्सक है और ना ही धनखड़ जी के निजी चिकित्सक। जब एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इस्तीफा दे रहे है, तो इसमें राजनीति नहीं करनी चाहिए। अस्वस्थ होना कोई मजबूरी नहीं। कांग्रेस को हर चीज में साजिश क्यों नजर आती है? शायद इसलिए क्योंकि आज कांग्रेस देश में पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ऐसे में कांग्रेस द्वारा यह कहना कि ‘संवैधानिक संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है’, महज झूठी कहानी गढ़ना है। राठौड़ ने गहलोत को घेरते हुए कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाले खुद कैसे सत्ता में आए, ये भी बताएं। उन्होंने गहलोत से सवाल पूछा कि “राजस्थान में आपकी सरकार ने किस तरह लोकतंत्र का मजाक उड़ाया, यह देश जानता है। आपने अपने ही विधायकों को बाड़ेबंदी में रखकर लोकतंत्र की हत्या की थी। आज वही नेता नैतिकता और लोकतंत्र की बातें कर रहे हैं।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गहलोत के ‘कांग्रेस का स्टैंड पहले भी सही था, अब भी सही है’ वाले बयान को राजनीतिक अहंकार और ढोंग बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की समस्या यह है कि वह हर बार खुद को ही सही मानती है, और जब जनता उसे नकार देती है, तो लोकतंत्र को दोष देने लगती है। वास्तव में, कांग्रेस कभी भी किसी पद की गरिमा का सम्मान नहीं करती। चाहे राष्ट्रपति हों, प्रधानमंत्री हों या अब उपराष्ट्रपति, कांग्रेस उनके पीछे साजिश के आरोप लगाकर संवैधानिक पदों की मर्यादा को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि गहलोत वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन जिस तरह की बेतुकी बातें वे कर रहे हैं, उससे लगता है कि कांग्रेस बौखलाहट में लोकतांत्रिक संस्थाओं को ही निशाना बना रही है। देश का लोकतंत्र पूरी तरह स्वस्थ है और मजबूत है। गहलोत जैसे नेता उसे कमजोर दिखाकर सिर्फ अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नित नए ​कीर्तिमान स्थापित कर रहे है। कहीं किसी जिले में 50 हजार तो किसी जिले में 1 लाख पेड़ लगाए गए है। पाली जिले की संस्था खीमावत ट्रस्ट का हवाला देते हुए राठौड़ ने बताया कि खीमावत ट्रस्ट वृक्षारोपण क्षेत्र में बहुत ही सराहनीय कार्य कर रही है। लाखों की संख्या में इस ट्रस्ट ने नीम के पौधे लगाए, उसका सरंक्षण किया और आज वो बड़े—बड़े पेड़ बन चुके है। इसी तरह सैलो कंपनी परिवार की ओर से वृक्षारोपण की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। राठौड़ ने मानसून के दौरान आमजन से सावधानी बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नदी, नाला, बांध या तालाब में अति उत्साह दिखाकर ना उतरे, यह हादसे का कारण बन सकता है। पिछले दिनों हुए दुर्घटनाओं में जब किसी का भाई, किसी के घर का चिराग बूझ गया तो हालात चिंताजनक बन जाते है। ऐसे में हम सभी को साव​धानी रखने की जरूरत है

abhay