फिल्म अभिनेता मनोज कुमार का किरदार हमेशा जिंदा रहेगा: अनिल विज

गौरव शर्मा चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका किरदार हमेशा जिंदा रहेगा। उन्होंने कहा कि मनोज कुमार की अदाकारी और उनके गीतों में हमेशा भारत की संस्कृति की सुगंध महसूस होती थी।
विज ने कहा कि मनोज कुमार के गाए और फिल्माए गए देशभक्ति नगमे और प्रेरणादायक गीत हमेशा लोगों के दिलों में बसे रहेंगे। इस मौके पर उन्होंने उनके सम्मान में "है प्रीत जहां की रीत सदा" और "कसमें वादे प्यार वफा" जैसे लोकप्रिय गीत गाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
*"भारत कुमार" के नाम से मशहूर मनोज कुमार का निधन*
उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह मुंबई में 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे और 21 फरवरी 2025 को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार कल मुंबई में किया जाएगा।
मनोज कुमार देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते थे और उन्हें "भारत कुमार" के नाम से लोकप्रियता मिली थी। उनकी प्रमुख फिल्मों में "उपकार," "पूरब और पश्चिम," "क्रांति" और "रोटी, कपड़ा और मकान" शामिल हैं।
*मनोज कुमार को मिले थे कई प्रतिष्ठित सम्मान*
मनोज कुमार को 1968 में फिल्म "उपकार" के लिए पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था। उन्होंने अपने करियर में 7 फिल्मफेयर पुरस्कार जीते। इसके अलावा, उन्हें 1992 में पद्मश्री और 2016 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
*श्री विज ने गीत गाकर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा के दौरान, विज ने मनोज कुमार पर फिल्माए गए "है प्रीत जहां की रीत सदा" गीत को गाकर उनकी यादें ताजा कीं। उन्होंने कहा कि मनोज कुमार की फिल्में और उनके संदेश आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
...........................
*वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस का रवैया संसद का अपमान: अनिल विज
गौरव शर्मा चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को न मानने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा के बाद पारित हुआ है और सभी पर लागू होता है। कांग्रेस का इसे न मानना संसद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान है।
विज ने कांग्रेस के इस विधेयक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने के फैसले पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान की धारा 14 के तहत सभी को समानता का अधिकार प्राप्त है, लेकिन कांग्रेस सरकार के समय तुष्टीकरण की नीति अपनाई गई थी। उन्होंने 2013 में पास हुए वक्फ बोर्ड कानून पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें वक्फ बोर्ड को यह अधिकार दिया गया था कि वह किसी भी संपत्ति को अपनी घोषित कर सकता था, और लोगों को ही अदालत में जाकर अपना दावा साबित करना पड़ता था। यह संविधान की मूल भावना के खिलाफ था और इससे जमीनों की लूट को बढ़ावा मिला।
"पश्चिम बंगाल सरकार अपराध की जननी": अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की सरकार अपराध की जननी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और यही कारण है कि सुप्रीम कोर्ट ने भर्ती घोटाले को असंवैधानिक करार दिया।
"पंजाब में अब व्यापार ही चिट्टे का रह गया है": अनिल विज
पंजाब में महिला कांस्टेबल के चिट्टे के साथ पकड़े जाने और इसे हरियाणा में सप्लाई करने के मामले में अनिल विज ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब केवल नशे का व्यापार बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इंडस्ट्रियां पंजाब से शिफ्ट हो चुकी हैं, लोग नौकरियां छोड़कर बाहर जा रहे हैं, और कई विदेशों का रुख कर चुके हैं।
विज ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है, जिसकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। लेकिन अगर पुलिस ही नशा तस्करी में शामिल हो जाए, तो इस समस्या का समाधान मुश्किल हो जाता है।
......….........................
*स्कूलों के निर्माण कार्य के लिए अनिल विज ने जारी किए 1 करोड़*
गौरव शर्मा चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बीसी बाजार और रामबाग रोड स्थित राजकीय स्कूलों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये जारी किए। इस फैसले पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सुरेश कुमार, स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों ने मंत्री विज का आभार व्यक्त किया।
*स्कूलों के लिए बड़ी सौगात*
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए ताकि बच्चों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
रामबाग रोड स्थित पीएम श्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 5 नए कमरे, शौचालय और सीढ़ियों का निर्माण होगा। बीसी बाजार स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में डबल स्टोरी बिल्डिंग में 8 नए कमरे, सीढ़ियों और अन्य मरम्मत कार्य होंगे।
दोनों स्कूलों को 50-50 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। डीईओ सुरेश कुमार और प्रिंसिपल रेखा, रीटा, एईओ अमरिंद्र सिंह, शिक्षक मुकेश मित्तल, तलविंद्र, ममता सहित अन्य शिक्षकों ने अनिल विज से मुलाकात कर उनके इस फैसले के लिए धन्यवाद दिया।
*जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश*
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर जनसुनवाई कर जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऑनलाइन ठगी के मामले में शिकायतकर्ता की एफआईआर दर्ज न होने पर पड़ाव थाना पुलिस को तुरंत केस दर्ज करने के निर्देश। सराफा बाजार क्षेत्र में अधूरी स्ट्रॉम वॉटर पाइपलाइन की समस्या को लेकर नगर परिषद अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश।
महिला से मारपीट की शिकायत पर महेश नगर एसएचओ को कार्रवाई करने के आदेश। बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान सरकार की प्राथमिकता है और प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हो।
About The Author
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List