झारखंड के तीन दुश्मन-झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी : प्रधानमंत्री माेदी

By Desk
On
  झारखंड के तीन दुश्मन-झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी : प्रधानमंत्री माेदी

मशेदपुर । झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड के तीन दुश्मन हैं। इनके नाम हैं-झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल। इन दुश्मनों को झारखंड के लोग जितनी जल्दी पहचान लेंगे, उतना झारखंड का भाग्य सुनिश्चित होगा।

प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मैं झारखंड आया था। तब देश में बड़े-बड़े झूठ, बड़ी-बड़ी अफवाहें, झूठ बोलने की मशीन और देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतों पर आपका आशीर्वाद भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि आपका भरोसा मोदी पर है। मध्यम वर्ग का भरोसा मोदी पर है। इस भरोसे को कायम रखने के लिए मोदी कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगा।

Read More  मुख्यमंत्री के जाने के बाद जूनियर डॉक्टरों ने कहा - आंदोलन जारी रहेगा, बातचीत के लिए भी तैयार हैं

मोदी ने भारत माता की जय के नारे लगाए और कहा कि हमारा रिश्ता अपनेपन का है। झारखंड का सपना, भाजपा का अपना सपना है। मोदी ने कहा कि पहली बार भाजपा की सरकार ने झारखंड के पिछड़े जिलों के विकास की चिंता की। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भाजपा की सरकार ने की। पिछड़े आदिवासी युवाओं की चिंता की। उनकी शिक्षा के लिए एकलव्य विद्यालय हमने बनाए। भाजपा ने आदिवासी समाज की एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया। अब तक की सरकारें खनिज संपदा से संपन्न झारखंड से केवल वसूली करती थी। हमने डीएमएफ बनाया। आपको आपका हक दिलाया।

Read More  रात भर स्वास्थ्य भवन के सामने धरने पर बैठे रहे जूनियर डॉक्टर

झारखंड का बहुत बड़ा मुद्दा घुसपैठ

Read More BJP members will serve the public by running seva pakhwada /प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा चला कर भाजपाई करेंगे जनसेवा

मोदी ने कहा कि कांग्रेस को झारखंड से नफरत है। उसने कितने दशक तक दिल्ली में बैठकर देश पर राज किया। उन्होंने देश के दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को कभी आगे नहीं बढ़ने दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग स्वार्थ और सत्ता में किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये जेएमएम वाले, जिन्होंने आपके वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं। उन लोगों के साथ खड़े हैं, जो आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं। इस समय झारखंड का बहुत बड़ा मुद्दा घुसपैठ है। यह हर झारखंडी के लिए चिंता का विषय है। जवान बेटियों के हर मां-बाप के लिए चिंता का विषय है। झारखंड हाई कोर्ट ने घुसपैठ पर एक आदेश दिया लेकिन झारखंड सरकार मानने को तैयार नहीं है कि राज्य में घुसपैठ हो रही है।

झारखंड में डेमोग्राफी बहुत तेजी से बदल रही

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी रोहिंग्या की घुसपैठ बहुत बड़ा खतरा है। यहां की डेमोग्राफी बहुत तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में आदिवासियों की आबादी तेजी से कम हो रही है। यहां के लोगों की जमीन हड़पी जा रहीं हैं। घुसपैठिये पंचायतों में व्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। बेटियों के साथ अत्याचार की वारदातें बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के शहर हों या झारखंड के गांव, इस घुसपैठ की वजह से हर झारखंडी असुरक्षित महसूस कर रहा है। सच्चाई यह है कि जेएमएम के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ हमेशा साथ खड़े हैं। ये कट्टरपंथी जेएमएम को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है। क्योंकि, जेएमएम में कांग्रेस का भूत घुस गया है।

जेएमएम-कांग्रेस मजहब के नाम पर केवल वोट बैंक बना रहे

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें एक बात साफ-साफ समझनी होगी कि जेएमएम और कांग्रेस जैसे दलों को आपका वोट नहीं चाहिए। ये दल मजहब के नाम पर अपना वोट बैंक बनाना चाहते हैं। यही समय है। हमें इस खतरे को यहीं पर रोकना होगा। इसके लिए झारखंड के हर एक नागरिक को एकजुट होना होगा। भाजपा को मजबूत करना होगा। उन्हाेंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग किसी के भी सगे नहीं होते। जेएमएम सरकार के 5 साल का कार्यकाल इसका सबूत है। वोट लेने के लिए ये लोग आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं लेकिन जेएमएम के लिए आदिवासी समाज का सम्मान नहीं, अपना सियासी फायदा सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड का गरीब आदिवासी पूछ रहा है कि क्या चंपाई सोरेन आदिवासी नहीं थे?

भर्ती परीक्षा के नाम पर राज्य में 15 से ज्यादा युवाओं की जान गई

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने जब तक नौकरी नहीं, तब तक बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। किसी बेरोजगार को मिला क्या? शहरी रोजगार की योजना शुरू की, रोजगार मिला क्या? नहीं मिली। उल्टे योजनाएं दाे महीने में बंद हो गईं। भर्ती परीक्षा के नाम पर राज्य में 15 से ज्यादा युवाओं की जान चली गई। 15 नौजवान, अपनी मां के लाडले, बहन के भाई इस सरकार की गलत व्यवस्था के कारण अपनी जान गंवा बैठे। जिन युवाओं की जान गई है, उनको मैं श्रद्धांजलि देता हूं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली ऐसी सरकार को हमें झारखंड से हटाना ही होगा।

जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां-वहां झूठ की दुकानें

मोदी ने कहा कि अब ये लोग महिलाओं को पैसे देने के नाम पर गरीबों को बहलाने के लिए नए-नए तिकड़म लगा रहे हैं। ऐसे धोखेबाजों को आपको सरकार से बाहर निकालना है। वादे करना और उसे पूरे करना सिर्फ भाजपा का काम है। हमारी सरकार ने और तीन करोड़ गरीबों को पक्का मकान देने का वादा किया है। हम हर घर तक जल पहुंचा रहे हैं। छोटे किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि ढेर सारी घोषणाएं कांग्रेस पार्टी ने भी की थी। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में युवाओं और महिलाओं को एक-एक लाख रुपए देने का वादा किया था। महिलाओं ने कांग्रेस दफ्तर पर पैसे मांगने गईं, तो उन्हें अपमानित किया गया, जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां-वहां ऐसी ही झूठ की दुकान खोली जा रही है।

मईयां सम्मान योजना के नाम पर लोगों को लूटने का काम कर रहे

प्रधानमंत्री ने कहा कि जेएमएम वाले भी जब-जब कुछ देने की बात करें, तो सावधान हो जाइए। इनको भी ये ट्रेनिंग कांग्रेस से ही मिली है। जब भी ये कुछ देने की बात करेंगे, तो आपकी ही जेब पर डाका डालेंगे। मंईयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं से 300-300 रुपये मांगे जा रहे हैं। अबुआ आवास के नाम पर 25,000 रुपये तक की वसूली हो रही है। ये पिछले दरवाजे से लाभार्थियों को गुमराह करके उनसे भी वसूली कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री के झारखंड में रविवार को चार कार्यक्रम तय थे। इनमें से दाे कार्यक्रमों में वह आभासी रूप से शामिल हुए। एक कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री की यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। करीब दो से ढाई घंटे के इंतजार के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हुआ।

Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Latest News

 लेबनान में पेजर के बाद अब फटे रेडियो सेट, कई लोग घायल  लेबनान में पेजर के बाद अब फटे रेडियो सेट, कई लोग घायल
बेरूत: मंगलवार को लेबनान में पेजर में हुए सीरियल बलास्ट के बाद बुधवार को एक बार फिर वायरलेस डिवाइस में...
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया पीडब्ल्यूडी सेवा एप लॉंच
नवाचारों को अपनायें और आमजन के प्रति संवेदनशील बनकर काम करें -गौतम कुमार दक(सहकारिता मंत्री)
राज्य सरकार शीघ्र ही युवा नीति-2024 लाएगी: मुख्यमंत्री
राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी मामलाः राजस्थान युवा कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में देश विश्वभर में अग्रणी बनेः राष्ट्रपति
किसान दिवस में गूंजा ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुआ आने का मामला